निरसा में पुलिस मुठभेड़, निखार और नीरज सिंह हत्याकांड का आरोपी शूटर सागर घायल
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा- बड़ी वारदात को अंजाम देने निरसा पहुंचा था अपराधी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के समीप बुधवार की शाम पुलिस और एक शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी सागर उर्फ शिबू घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अपराधी को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया है।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि घायल सागर उर्फ शिबू वर्ष 2017 में धनबाद में हुए डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड का आरोपित रहा है। इसके अलावा उसका नाम जमशेदपुर के निखार हत्याकांड में भी सामने आया है और वह इस मामले में वांछित है। एसएसपी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निरसा पहुंचा है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम गठित कर इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया। कार्रवाई का नेतृत्व निरसा SDPO लिलेश्वर महतो कर रहे थे। इसी दौरान हाथबाड़ी के आनंद वाटिका के समीप पुलिस टीम का सामना शूटर से हो गया। पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की गोली सागर के दोनों पैरों में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सागर उर्फ शिबू निरसा में किस बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने पहुंचा था। उसके पास से हथियार अथवा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
निरसा मुठभेड़ के बाद सागर के निखार हत्याकांड और नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

