मरीन ड्राइव में पुलिस मुठभेड़, बिंदल मॉल फायरिंग के दो शूटर घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित जंगल में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के कथित शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों को गिरफ्तार करने के बाद उनकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए जंगल ले जाया गया था। इसी दौरान दोनों ने एक पुलिस जवान की पिस्टल छीनकर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। मौके से दो पिस्टल बरामद हुई हैं।

26 सितंबर को बिंदल मॉल रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग में चार लोग घायल हुए थे। घटना में शामिल शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मामले की जांच जारी है।

