मानगो नगर निगम की योजनाओं में सांसद-विधायकों की भागीदारी सुनिश्चित हो : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की विकास योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में सांसदों एवं विधायकों की निर्धारित भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को पत्र भेजकर 18 अगस्त की बोर्ड बैठक में प्रस्तुत योजनाओं की सूची को संबंधित प्रावधानों के अनुरूप संशोधित करने का आग्रह किया।
सरयू राय ने कहा कि विभिन्न मदों की राशि के उपयोग में वार्ड स्तर और निकाय स्तर की योजनाओं के लिए निर्धारित हिस्सेदारी का पालन होना चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार से प्राप्त राशि में 70 प्रतिशत निकाय बोर्ड की योजनाओं तथा 30 प्रतिशत राशि जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों की अनुशंसा से चयनित योजनाओं पर खर्च करने का प्रावधान है। इसमें सांसद/विधायक की अनुशंसा के लिए 10 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से क्षेत्र की जन आकांक्षाओं और स्थानीय जरूरतों को विकास योजनाओं में शामिल किया जा सकेगा। साथ ही वार्डों से जुड़ी तथा एक से अधिक वार्डों को प्रभावित करने वाली जरूरी योजनाओं को प्राथमिकता मिल सकेगी।

