
शेन इंटरनेशनल में अभिभावकों ने सजाई आकर्षक रंगोली
*रंगों में उतरी दीपावली की रचनात्मकता, मां लक्ष्मी से लेकर मोर और दीपों तक की कलात्मक छटा; पूनम आहूजा प्रथम, निकिता सिन्हा को दूसरा स्थान*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
दीपावली का उल्लास जब रंगों और कल्पनाओं से मिला तो शेन इंटरनेशनल स्कूल का परिसर रंगोली के मनमोहक रंगों से खिल उठा। दीपावली की पूर्व संध्या पर विद्यालय में अभिभावकों के लिए आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का शानदार परिचय दिया। किसी ने मां लक्ष्मी की आकृति उकेरी तो किसी ने दीपों, मोर और पुष्पों के जरिए उत्सव की सुंदर तस्वीर सजाई।
फूलों, रंगीन पाउडर, दीयों और पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों से तैयार रंगोलियों ने भारतीय कला, संस्कृति और परंपरा की झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिता केवल कलात्मक प्रदर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने अभिभावकों और विद्यालय परिवार के बीच आत्मीयता और सहभागिता का अवसर भी दिया।
निर्णायक मंडल के मूल्यांकन में पूनम आहूजा ने प्रथम और निकिता सिन्हा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कंचन टोप्पो एवं साइबा परवीन संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि सुजाता पॉल को सांत्वना पुरस्कार मिला।
विद्यालय की प्रधानाचार्या तंद्रिमा बनर्जी ने विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अध्यापिका सिमरन सग्गू और प्रशासक जसपाल कौर ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या ने सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश भी दिया।

