गीता श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गुलमोहर हाई स्कूल में आज गीता श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। अध्यात्म और संस्कृति से ओत-प्रोत वातावरण देखने को तब मिला जब कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और श्रीमद्भगवद्गीता के गूढ़ संदेशों के प्रति रुचि एवं श्रद्धा उत्पन्न करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति सिन्हा तथा उप प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गुरु वंदना से हुई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने श्रीमद्भगवद्गीता के विभिन्न श्लोकों का स्पष्ट उच्चारण, उचित भाव तथा सही लय में प्रस्तुतिकरण किया, जिससे दर्शकगण मंत्रमुग्ध हो गए। निर्णायिका मंडली में संस्कृत एवं हिंदी विभाग की अनुभवी तथा वरिष्ठ शिक्षिकाएँ सुशीरा झा एवं मृदुला कुमारी थीं। उन्होंने प्रतिभागियों के उच्चारण, भाव-प्रवणता एवं शुद्धता के आधार पर मूल्यांकन किया। विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि, “गीता के श्लोक न केवल जीवन के गूढ़ रहस्यों को सरल रूप में समझाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास भी करते हैं।” कार्यक्रम के सफल संचालन में विभागाध्यक्ष संजू वर्मा एवं अन्य शिक्षिकाओं—माला सिंह, बबिता कुमारी, रिंकू कुमारी तथा आशा पांडेय का सराहनीय योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। प्राचार्य ने कार्यक्रम की सराहना की।



