पश्चिमी सिंहभूम में नक्सलियों के आईईडी धमाके से एक महिला की मौत, दो गंभीर घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा के जराईकेला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में एक ग्रामीण महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा कोलंबोंगा गांव के पास तब हुआ जब ग्रामीण किसी काम से जंगल की ओर जा रहे थे। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल भेजा गया है। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में माओवादी गतिविधियां पहले से सक्रिय हैं और सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। पुलिस और सीआरपीएफ की टीम घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या क्षेत्र की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, क्योंकि आईईडी माओवादियों की आम रणनीति का हिस्सा है, जो अक्सर ग्रामीणों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हैं।

