पर्यावरण पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित: चुनौतियों और समाधान पर चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अरका जैन विश्वविद्यालय के एनएसएस (NSS) सेल द्वारा शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के तत्त्वावधान में “Environmental Future of Jharkhand: Challenges, Conservation and Community Action” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का उद्देश्य झारखंड के पर्यावरणीय भविष्य से जुड़ी चुनौतियों, संरक्षण की आवश्यकता तथा समुदाय की सक्रिय भूमिका पर सार्थक विमर्श करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात राष्ट्रीय पर्यावरणविद् व शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय संयोजक संजय कुमार स्वामी रहे। कार्यक्रम का समूहिक उद्घाटन विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष डॉ. एस. एस. रज़ी, प्रो-वीसी डॉ. अंगद तिवारी, कुलसचिव डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, डॉ. कविता परमार, सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डॉ विजय कुमार सिंह, आईक्यूएसी डायरेक्टर डॉ अरविन्द पांडेय तथा आयोजन सचिव डॉ. मनोज कुमार पाठक द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ताओं में श्री संजय कुमार स्वामी के अतिरिक्त श्री नितीश कुमार (डीएफओ, पोराहाट) एवं डॉ. नईम अख्तर (निदेशक, टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क) शामिल रहे। वक्ताओं ने झारखंड में वनों के संरक्षण, जैव विविधता, मानव-प्रकृति संतुलन तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सतत विकास के लिए स्थानीय समुदायों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों पर विशेष बल दिया। वक्ताओं में डॉ कॉपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह, एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशोक झा समेत कई वरिष्ठ वन अधिकारी व पर्यावरणविद उपस्थित थे। इस दौरान एक पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया, जबकि पूरे कार्यक्रम का संचालन अनन्या मिश्रा ने प्रभावी एवं सुसंगठित रूप से किया। संगोष्ठी में उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया।


