सरयू राय की पहल पर 6 सितंबर को ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ सेमिनार
सेमिनार की सफलता के लिए तैयारी समिति गठित, प्राथमिक से उच्च शिक्षा और छात्र आंदोलन पर होगी चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को लेकर ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषय पर 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित सरयू राय के आवास पर बैठक हुई। बैठक में सरयू राय को आयोजन समिति का संयोजक चुना गया। संयोजक मंडल में कृष्ण कुमार, चंद्रदीप पांडेय, नवनीत सिंह, श्रीमन त्रिगुण और मनोज कुमार सिंह शामिल हैं।
सरयू राय ने बताया कि सुबह 9.30 बजे से पंजीकरण शुरू होगा। उद्घाटन सत्र के बाद प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा छात्र आंदोलन पर चार सत्र आयोजित होंगे। विभिन्न विषयों पर शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
सेमिनार के लिए प्राथमिक समिति में कृष्ण कुमार व अनिता शर्मा, माध्यमिक में चंद्रदीप पांडेय व विकास सिंह, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा में नवनीत सिंह व पवन सिंह तथा छात्र आंदोलन समिति में श्रीमन त्रिगुण व हेमंत पाठक को जिम्मेदारी दी गई है। आयोजन व्यवस्था सुबोध श्रीवास्तव संभालेंगे।
सरयू राय ने बताया कि जमशेदपुर के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों-कॉलेजों को सेमिनार के लिए पत्र भेजा जाएगा। प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों का सर्वे कर शिक्षा व्यवस्था की कमियों और आवश्यक सुधारों को चिन्हित किया जाएगा। सर्वे के परिणामों पर सेमिनार में चर्चा होगी। इसके लिए 27 अगस्त को न्यू बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में प्रिंसिपलों की बैठक होगी।
बैठक में एसपी सिंह, अशोक गोयल, मनोज कुमार सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, आशुतोष राय, अंशुल शरण, सुधीर सिंह, अजय कुमार, कृष्णा प्रसाद, कुमुरी विनीत समेत अन्य लोग मौजूद थे।

