पूर्वी सिंहभूम शिक्षा प्रदर्शन में राज्य में नंबर-1, DEPR रिपोर्ट में 24 जिलों में अव्वल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम जिले ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू (DEPR) की अगस्त 2026 की मासिक रिपोर्ट के 15वें संस्करण में पूर्वी सिंहभूम ने झारखंड के 24 जिलों में प्रथम स्थान हासिल किया है।
रिपोर्ट के अनुसार जिले ने अधिगम परिणाम (लर्निंग आउटकम), विद्यालयों के प्रभावी अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण तथा गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध डेटा रिपोर्टिंग के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। उच्च प्राथमिकता वाले संकेतकों और सक्षमकारी संकेतकों में संतुलित उपलब्धि के चलते जिले को राज्य में शीर्ष स्थान मिला।
इस उपलब्धि को जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। रिपोर्ट में पूर्वी सिंहभूम की शैक्षणिक योजना, विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रशासनिक समन्वय की सराहना की गई है।
जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, प्रखंड एवं संकुल स्तर के पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े अन्य हितधारकों के सामूहिक प्रयासों से यह सफलता हासिल हुई है।
पूर्वी सिंहभूम का राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना जिले के शिक्षा परिवार के लिए गर्व का विषय है। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर और विद्यालयी व्यवस्था में और सुधार के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

