महाष्टमी पर परंपरागत धूमधाम से मां दुर्गा की हुई आराधना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल, – शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महाष्टमी के दिन चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में बंगाली समुदाय द्वारा पारंपरिक आस्था और श्रद्धा के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया। चांडिल बाजार सार्वजनीन दुर्गा पूजा समिति, चौका नव दुर्गा, चांडिल स्टेशन, डाकाबंगला, पुराना पेट्रोल पंप, रुचाप, आदर्श कॉलोनी, भालूकोचा, चैनपुर, भादुडीह, चिल्गु, आसानबानी, फदलोगोड़ा, कालीमंदिर समेत विभिन्न पंडालों और मंदिरों में महाष्टमी पूजा के अवसर पर उमड़ी भीड़.
चांडिल सार्वजनीन दुर्गा मंदिर में महाष्टमी के अवसर पर बंगाली समुदाय की महिलाओं और परिवारों ने पारंपरिक परिधानों में पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों और पंडालों में पूजा-पाठ का विशेष क्रम शुरू हुआ। पुजारी द्वारा संकल्प लेकर देवी दुर्गा के नौ रूपों का आव्हान किया गया, जिसके साथ चंडीपाठ भी सम्पन्न हुआ। पूजा के समापन पर निर्धारित समय पर प्रतीकात्मक बलि स्वरूप कुम्हड़ा, केला और गन्ना अर्पित किए गए।
इस दौरान भक्तजन हाथों में पुष्प, दूर्वा और बेलपत्र लेकर देवी को अर्पित कर रहे थे। सुहागिन महिलाएं उपवास रखकर पारिवारिक और सामुदायिक स्वरूप में पूजा में शामिल हुईं। कन्या पूजन भी विधिवत रूप से सम्पन्न किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान ढाक की गूंज और “जय मां दुर्गा” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पंडालों में उमड़ी भीड़ और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से पूरे चांडिल क्षेत्र में महोत्सव का अद्भुत नजारा देखने को मिला .इस अवसर पर देवाशीष राय,आशीष कुंडू, सोमेन चक्रवर्ती , शिबू चटर्जी,पार्थों कुंडू, नीतीश दा,निताई दा, तापस मंडल,उदित खां,मिलु प्रमाणिक,अभिजित दा, शंकर मंडल, सीमा दा,बेबी दरिपा, बेबी दा, चन्दना मंडल,आदि उपस्थित थी.

