शास्त्री मेमोरियल कॉलेज में संविधान दिवस पर सामूहिक शपथ छात्रों-शिक्षकों ने विकासशील भारत और कर्तव्य पालन का लिया संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 26 नवंबर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज में बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर डिग्री और इंटर के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटों, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों ने सामूहिक रूप से संविधान की शपथ ली। कार्यक्रम में देश को विकसित बनाने और नागरिक कर्तव्यों के पालन पर चर्चा की गई।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को अधिकार और कर्तव्य दिए हैं, जिनका पालन कर ही भारत को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
एनसीसी कमांडर व राजनीतिक विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. विकास मुंडा ने कहा कि धरती, संविधान, कानून और व्यवस्था पर गर्व करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से जात-पात से ऊपर उठकर एकता और मैत्रीभाव से देश को विश्व गुरु बनाने का आह्वान किया।
डॉ. विजय प्रकाश ने विद्यार्थियों से शपथ को आत्मसात कर भविष्य निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. रानी केसरी, डॉ. सलोनी, डॉ. संतोष, डॉ. सुष्मिता धारा, डॉ. शबाना, ज्योति प्रभा, प्रीति गुप्ता, प्रीति कुमारी, सौरव वर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

