बाल दिवस पर संभव संस्था ने बच्चों के साथ काटा केक, बांटी खुशिया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 14 नवंबर बाल दिवस के उपलक्ष्य में संभव संस्था द्वारा बेल्डीह ग्राम स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, सी.एच. एरिया में बच्चों के साथ हर्षाेल्लासपूर्ण बाल दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य, गायन और विभिन्न क्विज़ प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ केक काटा और बच्चों के बीच खाद्य सामग्री चिप्स, फ्रूट केक और पठन पाठन कॉपी, पेंसिल बॉक्स आदि का वितरण किया। जिससे पूरे कार्यक्रम का आनंद और बढ़ गया। विद्यालय की शिक्षिकाएँ कविता हसदा, बीना कुमारी और प्रमीला जी कुल 61 छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं।
इस दौरान संस्था से मुख्य संरक्षक श्री भरत सिंह, अध्यक्ष सारिका सिंह, शैलजा सिंह, रेनू साहू, राजेश चावला सहित अन्य पदाधिकारी अपनी सक्रिय भागीदारी और उपस्थिति से कार्यक्रम को सार्थकता प्रदान किया।
मुख्य संरक्षक भरत सिंह ने कहा कि “बाल दिवस बच्चों की मासूमियत, ऊर्जा और सपनों का उत्सव है। बच्चे हमारे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि उसकी वास्तविक शक्ति हैं। उनका सर्वांगीण विकास शिक्षा, संस्कार और अवसर हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। संभव संस्था हमेशा से बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी ऐसे कार्य करती रहेगी।”
अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि “बच्चों का उत्साह और उनकी रचनात्मकता देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। हर बच्चा अनोखा होता है और उसकी क्षमताओं को सही दिशा देना हम सबका दायित्व है। संस्था का लक्ष्य बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मकता और सीखने की प्रेरणा बढ़ाना है।”

