के. कविता 15 अप्रैल तक CBI रिमांड पर, एजेंसी बोली- पर्याप्त सबूत
नई दिल्लीः दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बीआरएस नेता के कविता को 15 अप्रैल तक के लिए CBI रिमांड पर भेज दिया. जांच एसेंसी ने शुक्रवार को पांच दिनों की रिमांड मांगी थी. जिस पर स्पेशल जज कावेरी बावेजा की कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड मंजूर की. सीबीआई ने के कविता को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया था.
ED के मुताबिक, इंडोस्पिरिट्स के जरिए 33 फीसदी लाभ कविता को पहुंचता था. कविता शराब कारोबारियों की लॉबी साउथ ग्रुप से जुड़ी हुई थीं. ईडी ने कविता को पूछताछ के लिए दो समन भेजे थे, लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया और पेश नहीं हुईं जिसके बाद छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था.
बता दें कि इससे पहले, शुक्रवार को दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार पूर्व CM केसीआर की बेटी के. कविता को सीबीआई ने राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया. सीबीआई ने कोर्ट में बताया कि 100 करोड़ रुपए की हेराफेरी मामले में के. कविता की भूमिका थी. सीबीआई ने कविता से पूछताछ करने के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी है. बता दें कि गुरुवार को के. कविता को तिहाड़ जेल में गिरफ्तार किया गया था.
6 अप्रैल को सीबीआई ने की थी पूछताछ
सीबीआई ने 6 अप्रैल को तिहाड़ जेल में के कविता से पूछताछ की थी. कविता 26 मार्च से न्यायिक हिरासत में हैं. रिमांड मिलते ही सीबीआई उन्हें हेडक्वार्टर ले जाएगी, जहां एंटी करप्शन ब्रांच की टीम उनसे पूछताछ करेगी. मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में आरोप है कि जमीन सौदे के बाद आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था.

