रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर आज पहुंचेगा नेमरा, पैतृक गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी
रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंचेगा। करीब 11 बजे पार्थिव शरीर के नेमरा पहुंचने की संभावना है। रूपी सोरेन के निधन की खबर के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
बताया गया कि रूपी सोरेन ने बुधवार रात रांची स्थित हिल व्यू अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही सोरेन परिवार में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य नेमरा पहुंचेंगे।
रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार नेमरा स्थित नाडी दरहा में किया जाएगा। अंतिम संस्कार को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नेमरा में ग्रामीणों और शुभचिंतकों के बीच शोक का माहौल बना हुआ है।


