जमशेदपुर में सरकारी योजनाओं की सघन जांच, नोडल पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में सरकारी योजनाओं की प्रगति और नागरिक सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान नियुक्त नोडल पदाधिकारियों ने पंचायतों और शहरी क्षेत्रों का दौरा कर आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्रज्ञा केंद्र, जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान, मनरेगा कार्यस्थल एवं पंचायत भवनों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और आम लोगों तक पहुंच की विशेष रूप से जांच की गई। विभिन्न अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों—दलदली, ओड़िया, फॉरेस्ट ब्लॉक, चुकरीपाड़ा, बेनाशोल, आस्ताकोवाली, पोखरिया, सरडीहा, गोपालपुर, नारदा, झाँटीझरना सहित मानगो नगर निगम क्षेत्र—में निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया।

उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ-साथ जमीनी समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर आंगनबाड़ी में पोषण, विद्यालयों में नियमित पढ़ाई, स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता और राशन दुकानों पर सही वितरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निरीक्षण में सामने आई समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक प्रभावी रूप से पहुंच सके और प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो।

