नितिन नवीन बने बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष
45 साल की उम्र में सबसे युवा अध्यक्ष, बिहार को पहली बार मिला शीर्ष नेतृत्व का सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। 45 वर्षीय नितिन नवीन बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और इस पद तक पहुंचने वाले बिहार के पहले नेता बन गए हैं। पांच बार विधायक रह चुके नितिन नवीन को जमीनी कार्यकर्ता और मजबूत संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है।
पार्टी का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ ही महीनों में पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके बाद केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी चुनाव प्रस्तावित हैं, जिन्हें बीजेपी के लिए कठिन माना जा रहा है।
अध्यक्ष बनते ही नितिन नवीन के सामने 5 बड़ी चुनौतियां
***********
▪ बंगाल फतह की परीक्षा
ग्रामीण इलाकों में टीएमसी की मजबूत पकड़ को तोड़ना और कार्यकर्ताओं को एकजुट करना बड़ी चुनौती।
▪ असम में जीत की हैट्रिक
लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी, नागरिकता कानून जैसे मुद्दों पर संतुलन साधना जरूरी।
▪ दक्षिण भारत में विस्तार
केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में स्थानीय संस्कृति और विकास के मुद्दों पर फोकस।
▪ GEN-Z का भरोसा
रोजगार, शिक्षा, पर्यावरण और डिजिटल अधिकारों पर युवाओं से सीधा संवाद।
▪ एनडीए की एकता
सीट बंटवारे और मतभेदों के बीच सहयोगी दलों को साथ रखना अहम।
**************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी के मामलों में यह युवा नेता अब उनका ‘बॉस’ होगा। उन्होंने नितिन नवीन को एक मिलेनियल नेता बताया, जिसने बदलते भारत को करीब से देखा है।
युवा चेहरे को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी आने वाले चुनावों में युवा नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती के सहारे आगे बढ़ना चाहती है। अब सबकी नजर नितिन नवीन के पहले चुनावी इम्तिहान पर टिकी है।


