मयूराक्षी तट पर हिजला मेला महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ
राष्ट्र संवाद सं
दुमका : मयूराक्षी नदी के तट पर 13 से 20 फरवरी तक आयोजित राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। उद्घाटन से पूर्व निकले उल्लास जुलूस में पारंपरिक परिधानों और वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज की सांस्कृतिक छटा देखने को मिली। मेला परिसर स्थित मांझी थान में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद स्थानीय ग्राम प्रधान ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया तथा अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार ने ध्वजारोहण किया।
उद्घाटन सत्र में विद्यालयों की छात्राओं ने लोकनृत्य व गीत प्रस्तुत कर समां बांधा। महोत्सव में कृषि प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉल जनसामान्य के लिए आकर्षण का केंद्र हैं, जहाँ पारंपरिक जीवनशैली के साथ आधुनिक तकनीकों व सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि 136वां हिजला मेला क्षेत्र की जीवंत सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी। जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने युवाओं से शिक्षा अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की।

