मलंचा पहाड़ पर शिक्षक संघ का नववर्ष मिलन, प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता पर मंथन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड के मलंचा पहाड़ पर शनिवार को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा नववर्ष मिलन समारोह सह वनभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ से जुड़े शिक्षकों ने आपसी सौहार्द के साथ नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं और वनभोज का आनंद लिया। कार्यक्रम के उपरांत आयोजित विचार गोष्ठी में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय राज्य उपाध्यक्ष बाल्मीकि कुमार ने कहा कि शिक्षक सीमित संसाधनों और विभिन्न परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। यदि शिक्षकों को केवल शिक्षण कार्य तक सीमित रखा जाए तो प्राथमिक शिक्षा में उल्लेखनीय सुधार संभव है। जिला अध्यक्ष महेश्वर घोष ने छात्रों की अनियमित उपस्थिति को एक बड़ी चुनौती बताया और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए शिक्षक–अभिभावक बैठकों को प्रभावी माध्यम बताया।
जिला महासचिव हरि प्रसाद राम ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षकों को निरंतर अपने ज्ञान को अद्यतन करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को एमडीएम संचालन सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग की। अन्य वक्ताओं ने प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने पर बल दिया।
इस अवसर पर अंतर जिला स्थानांतरण के बाद जामताड़ा जिले में योगदान देने वाले शिक्षकों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।

