उत्क्रमित मध्य विद्यालय कास्ता में विशेष पीटीएम बैठक, छात्र एवं अभिभावक हुए सम्मानित
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: नाला प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कास्ता में विशेष पीटीएम (पेरेंट्स–टीचर्स मीटिंग) बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं प्रमुख कल्लावती मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक का उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा अभिभावकों की सहभागिता को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक दिवाकर कापरी, एसएमसी अध्यक्ष बिकास बावरी, उपाध्यक्ष मुर्शीदा खातुन, एसएमसी सदस्य मोहम्मद साबीर, मोमीता मंडल सहित शिक्षक सिउली बावरी, साबीर अली, रिंटु पाल एवं बिद्युत कापरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने अभिभावकों से संवाद कर बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन एवं उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने वाले चार एसएमसी सदस्यों तथा 18 अभिभावकों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक के संयुक्त प्रयास से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव है। अंत में सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

