बार एसोसिएशन ने की जेल भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल चांडिल अनुमंडल में जेल भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर चांडिल अनुमंडल बार एसोसिएशन ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। एस. डी .एम विकास राय को ज्ञापन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बद्री प्रसाद साहू के नेतृत्व में दिया गया।
ज्ञापन में बताया गया है कि चांडिल को वर्ष 2003 में अनुमंडल का दर्जा मिला था तथा 23 जुलाई 2022 से यहां सिविल न्यायालय भी कार्यरत है। इसके बावजूद अब तक चांडिल में जेल भवन का निर्माण नहीं हो सका है। वर्तमान में सिविल न्यायालय द्वारा हिरासत में लिए गए कैदियों को सरायकेला जेल भेजा जाता है, जिससे आम जनता, पुलिस प्रशासन और न्यायिक प्रक्रिया को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बार एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में कहा है कि चांडिल सिविल न्यायालय रोड के उत्तर दिशा में स्थित एस.एम.पी., चांडिल का बड़ा भू-खंड जेल भवन निर्माण के लिए उपयुक्त है। जनहित को ध्यान में रखते हुए इस भूमि का चयन कर जेल भवन निर्माण की स्वीकृति दी जानी चाहिए, जिससे क्षेत्र के विकास के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.इस अवसर पर असित चक्रवर्ती, महेंद्र कुमार महतो आदि उपस्थित थे.

