झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र को सुचारू संचालन हेतु नेताओं की बैठक
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
रांची: झारखंड विधानसभा के चतुर्थ (शीतकालीन) सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर 4 दिसंबर 2025 को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में विधायक दल के नेताओं और प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सत्र के औपबंधिक कार्यदिवसों और विभिन्न कार्यसूचियों पर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष ने दलों से सुझाव आमंत्रित किए तथा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान यदि आवश्यकता महसूस हो, तो सदन की सहमति से समय बढ़ाया जाएगा, ताकि सभी सदस्य अपने विचार विस्तार से रख सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमन्त सोरेन, संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस नेता प्रदीप यादव, राजद नेता सुरेश पासवान, भाकपा (माले) (लिबरेशन) के अरूप चटर्जी, जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जनादन पासवान तथा आजसू पार्टी के निर्मल महतो उपस्थित रहे। विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार एवं उप सचिव हरेन्द्र साह भी मौजूद थे।
इसी दिन दोपहर में अध्यक्ष ने पत्रकार दीर्घा समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक की, जिसमें सत्र के दौरान सदन की कार्यवाहियों के सुचारू प्रसारण और प्रकाशन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

