झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस पर सम्मान का उत्सव
राष्ट्र संवाद सं
रांची: झारखंड विधानसभा के 25वीं वर्षगांठ स्थापना दिवस (रजत जयंती) पर आयोजित भव्य समारोह में राज्यभर के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल के कर-कमलों द्वारा वर्ष 2024 का 21वां उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार धनबाद से विधायक राज सिन्हा को भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विधानसभा के छह कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष द्वारा मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मियों में संतोष कुमार सिंह (संयुक्त सचिव), नीलम कुजूर (प्रशाखा पदाधिकारी), मोहम्मद शाहिद हैदर (सहायक प्रशाखा पदाधिकारी), मुन्नू राम (अनुसेवक), रविंद्र पाल (अनुसेवक) और राकेश कुमार (पर्यवेक्षक) शामिल रहे।
समारोह में झारखंड के वीरगति प्राप्त शहीदों के परिजनों को भी शॉल, मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर नमन किया गया। साथ ही राज्य के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा मोमेंटो प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में झारखंड राज्य के पूर्व विधायकों को भी सम्मान स्वरूप मोमेंटो भेंट किए गए। यह दिवस राज्य की गौरवशाली लोकतांत्रिक यात्रा का प्रतीक बन गया।

