जिला स्थापना एवं अनुकंपा समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न — विभिन्न सेवा मामलों पर लिए गए निर्णय
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला स्थापना समिति, जिला अनुकंपा समिति तथा चौकीदार अनुकंपा समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रवि आनंद ने की। स्थापना शाखा द्वारा निष्पादित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुकंपा के 1 मामला, एसीपी/एमएसीपी का 1 मामला, सेवा संपुष्टि के 2 मामले तथा स्थानांतरण–पदस्थापन से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित आवेदन पर विचार करते समय आवेदक की शैक्षणिक योग्यता, उम्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, पारिवारिक सूची, अनापत्ति पत्र और शपथ पत्र सहित सभी दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच अनिवार्य है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी कहा कि किसी कर्मी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और सभी कागजात दुरुस्त कर समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएँ।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, स्थापना उप समाहर्ता पंकज कुमार रवि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।

