जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक सम्पन्न — जामताड़ा ओल्ड एज होम के संचालन पर हुई विस्तृत समीक्षा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: सोमवार को ओल्ड एज होम के सुचारू संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रवि आनंद ने की। उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित इस बैठक में ओल्ड एज होम के प्रबंधन, सुविधाओं, सेवा गुणवत्ताओं एवं आगामी आवश्यक सुधारों पर बिंदुवार चर्चा की गई।
अध्यक्ष ने संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओल्ड एज होम में निवासरत बुजुर्गों को गरिमामय वातावरण, स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित निगरानी और संतुलित आहार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में प्रबंधन से जुड़े दस्तावेजों, संसाधनों तथा वर्तमान व्यवस्था का मूल्यांकन भी किया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी विजय कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, सत्यमेव जयते फाउंडेशन के सचिव राजेंद्र शर्मा तथा लोहिया विकलांग सेवा समिति, गोड्डा के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी संबंधितों से सेवा गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा आवश्यक सुधारों को समयबद्ध रूप से लागू करने पर जोर दिया गया।

