कुंडहित में भागवत झा आजाद डिग्री कॉलेज के नए वर्ग कक्षों का उद्घाटन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड स्थित भागवत झा आजाद डिग्री कॉलेज में निर्मित तीन नए वर्ग कक्षों का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने उपायुक्त रवि आनंद एवं अन्य अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति की नींव है। ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के विस्तार से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को गति मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों से नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि कॉलेज में नए वर्ग कक्षों के निर्माण से छात्रों को पठन-पाठन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन कॉलेज के सुचारू संचालन और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक एवं अन्य आमंत्रित उपस्थित रहे।

