आत्मनिर्भर भारत अभियान को बल देने हेतु जामताड़ा में भाजपा का विधानसभा सम्मेलन 13 अक्टूबर को
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर को जामताड़ा जिला कार्यालय प्रांगण में विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आत्मनिर्भर भारत की मुहिम को जन-जन तक पहुंचाना है।
सम्मेलन में केंद्र सरकार की मंत्री अन्नपूर्णा देवी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। उनके साथ टुंडी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे विकास महतो भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक एकत्र होकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का संदेश देंगे।
सुमित शरण ने बताया कि इस सम्मेलन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और युवाओं में आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन हमेशा राष्ट्रहित और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा है। सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

