जामताड़ा: उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में भू-अर्जन संबंधी बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद की अध्यक्षता में आज रूपनारायणपुर से पोखरिया मोड़ तक के पथ निर्माण परियोजना से जुड़े भू-अर्जन एवं अन्य परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न मौजों के रैयतों के मुआवजा भुगतान, लंबित मामलों के निपटान, वाउचर संग्रह एवं अन्य बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि रैयतों के मुआवजा भुगतान में किसी भी प्रकार की अड़चन न आने दी जाए और सभी प्रक्रियाओं को नियमानुसार शीघ्र पूरा किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि संताल परगना में कई बड़े परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें स्वाभाविक रूप से बाधाएं आ सकती हैं, लेकिन सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने वाउचर संग्रह के लिए कैंप के साथ-साथ डोर-टू-डोर अभियान चलाने का निर्देश भी दिया।
इसके अलावा, बैठक में एनओसी वेरिफिकेशन, दान पत्र से जुड़े मामलों और अन्य प्रगति बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि अगर कोई समस्या हो, तो उसे तुरंत अवगत कराएं ताकि समय पर समाधान किया जा सके।
इस मौके पर अपर समाहर्ता श्रीमती पूनम कच्छप, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री सत्यप्रकाश, कार्यपालक अभियंता एनएचएआई, साइट इंजीनियर, अंचल अधिकारी जामताड़ा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

