जामताड़ा समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रवि आनंद की मासिक प्रेस वार्ता, जिले की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में मासिक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में जिले की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी विभागवार दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत 187 मरीजों को ₹7.79 करोड़ की चिकित्सा अनुदान राशि दी गई। 1,725 संस्थागत प्रसव कराए गए, 2,968 बच्चों का पूर्ण टीकाकरण हुआ और 1731 लोगों को ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन से परामर्श मिला। मोतियाबिंद के 365 निःशुल्क ऑपरेशन हुए और 17,475 स्कूली बच्चों की नेत्र जांच की गई।
शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 1 से 12 तक 1,37,803 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित की गईं। वहीं 18,039 विद्यार्थियों को पोशाक क्रय हेतु ₹1200 प्रति छात्र की राशि दी गई और 281 दिव्यांग बच्चों के लिए जांच शिविर आयोजित हुए।
ग्रामीण विकास विभाग की अबुआ आवास योजना के तहत 536 और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 71 आवास पूरे हुए। मनरेगा में अगस्त माह का 98.8% लक्ष्य हासिल करते हुए 5,10,707 मानव दिवस सृजित किए गए।
सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना के तहत 1.48 लाख लाभुकों को ₹37.16 करोड़ की राशि दी गई, जबकि सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1.07 लाख लाभुकों को ₹10.07 करोड़ का भुगतान हुआ।
प्रेस वार्ता में अन्य विभागों की प्रगति, अवैध खनन पर की गई कार्रवाइयों, जल-जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति, रोजगार मेलों, खेलकूद व आधार पंजीकरण की उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, और एसडीपीओ विकास आनंद लांगुरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

