“गेढ़िया उच्च विद्यालय के पास सड़क की बदतर स्थिति से हजारों लोग परेशान”
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: गेढ़िया उच्च विद्यालय से लेकर लगभग 500 फीट तक की सड़क की बदतर स्थिति ने स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। रोजाना सैकड़ों वाहन और हजारों लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ सड़क के कारण आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं।
लोगों का कहना है कि संवेदक द्वारा पागलामोड़ से गेढ़िया तक पीसीसी पथ का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन इस 500 फीट हिस्से में अब तक पथ नहीं बनाया गया।
इस जर्जर सड़क के पास झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक स्थित है और यही रास्ता थाना, ब्लॉक, स्कूल, कॉलेज, जिला न्यायालय, हटिया और बाजार जाने के लिए मुख्य मार्ग के रूप में इस्तेमाल होता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण शीघ्र नहीं हुआ तो आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा। प्रशासन से अपेक्षा है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

