राष्ट्र संवाद संवाददाता,संजय कुमार धीरज
साहिबगंज : जिले के बोरियो प्रखंड मुख्यालय स्थित बोरियो संथाली पंचायत सचिवालय में गुरुवार को पंचायत दिवस के मौके पर 10:51 बजे मुख्य द्वार पर ताला लटक रहा था और सभी कर्मचारी नदारद मिले। कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों को परेशानी हुई। जबकि पंचायत विचपुरा में ताला खुला मिला, लेकिन पंचायत सचिव और रोजगार सेवक मौजूद नहीं मिले। वहीं मोती पहाड़ी पंचायत सचिवालय में भी 11:30 बजे तक मुख्य द्वार पर ताला लटकता पाया गया और सभी कर्मचारी नदारद रहे। पंचायत सचिव और रोजगार सेवक की अनुपस्थिति से ग्रामीणों को समय पर सेवाएं नहीं मिल रही हैं और कार्य बाधित हो रहा है। ग्रामीणों ने कारवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितता न हो।
बता दें कि सरकार के पंचायती राज विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक गुरुवार को पंचायत दिवस के अवसर पर पंचायत सचिवालय में रोजगार सेवक व पंचायत सेवक की उपस्थिति अनिवार्य है, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके। परंतु यहां सभी नियमों को ताक पर रखकर सचिवालय का संचालन किया जा रहा है।
*क्या कहते हैं जिला पंचायती राज्य पदाधिकारी*
जिला पंचायती राज्य पदाधिकारी अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि पंचायत दिवस पर पंचायत सचिवालय खोलना अनिवार्य है और अगर बंद रहता है तो कारवाई की जाएगी। ग्राम सचिवालयों पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करेगी।
पृष्ठ रचनाकार: सिराज अंसारी जामताड़ा


