राष्ट्र संवाद संवाददाता,संजय कुमार धीरज
साहिबगंज: नव नियुक्त सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने राजमहल अनुमंडल अस्पताल में राजमहल व उधवा प्रखंड के स्वास्थ्य कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की और कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन ने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की और कर्मियों को इन योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संभावित बाढ़ और बरसात के मौसम को देखते हुए संबंधित कर्मियों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की प्रत्येक दिवस रिपोर्टिंग करने का भी निर्देश दिया।
सिविल सर्जन ने देर से अस्पताल पहुंचने वाले कर्मियों को फटकार लगाते हुए बैठक से बाहर कर दिया और स्पष्ट रूप से कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना विभाग का कर्तव्य है, जिसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सिविल सर्जन ने अनुमंडल अस्पताल के पुरुष व महिला ओपीडी, नवनिर्मित प्रसव कक्ष, ओटी, ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष, ऑक्सिजन प्लांट, रक्त अधिकोष आदि का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। वापसी के क्रम में उन्होंने कई आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया।
बैठक में प्रभारी उपाधीक्षक डॉक्टर उदय टुडू, डॉक्टर सौरभ कुमार, डॉक्टर सादिक अंसारी और अन्य डॉक्टर उपस्थित थे। साथ ही बीपीएम अमित कुमार और उधवा प्रखंड के सभी स्वास्थ्य कर्मी भी बैठक में उपस्थित थे।

