राष्ट्र संवाद के खबर का असर: जामताड़ा प्रशासन का संवेदनशील और त्वरित निर्णय
जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद ने जिले में 11 जुलाई को स्कूल छुट्टी रखने का दिया निर्देश
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: झारखंड में जब मानसून ने रौद्र रूप धारण किया और लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा, तब प्रशासन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह आम जनता की सुरक्षा और भलाई के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। राष्ट्र संवाद द्वारा प्रकाशित समाचार ने इस बार भी एक बड़ी जनहित की पहल को जन्म दिया।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के प्रभारी और वरिष्ठ पत्रकार निज़ाम खान ने राष्ट्र संवाद वेब पोर्टल पर आज सुबह प्रमुखता से खबर छापी थी कि झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूलों को बंद किया जाना चाहिए। खबर के प्रकाशन के कुछ ही समय बाद जामताड़ा जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी स्कूलों को 11 जुलाई को बंद करने का आदेश जारी कर दिया।
जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए संवेदनशीलता का परिचय दिया और जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों – कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक – को दो दिनों के लिए बंद रखने का निर्देश जारी किया। यह आदेश न केवल प्रशासनिक सजगता का परिचायक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही के पक्ष में नहीं है।
इस फैसले में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम और जिला शिक्षा अधीक्षक विकास कुनाल की भूमिका भी सराहनीय रही। इन्होंने उपायुक्त के निर्देशों का तत्परता से पालन करते हुए विद्यालयों को सूचना प्रसारित करने में कोई देरी नहीं की। शिक्षा विभाग ने सुनिश्चित किया कि आदेश का पालन सभी स्कूलों तक पहुंचे और किसी भी छात्र, शिक्षक या अभिभावक को भ्रम की स्थिति न रहे।
इस पूरी घटना में मीडिया और प्रशासन के बीच तालमेल एक आदर्श उदाहरण के रूप में सामने आया है। राष्ट्र संवाद की सटीक और समय पर रिपोर्टिंग से जहां एक ज़रूरी जनहित का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया, वहीं जामताड़ा जिला प्रशासन ने उस पर तेजी से संज्ञान लेते हुए निर्णय लिया, जिससे हजारों छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
आज के दौर में जब मीडिया की भूमिका पर तरह-तरह के सवाल उठते हैं, राष्ट्र संवाद की यह रिपोर्टिंग यह दिखाती है कि जब पत्रकारिता जनहित में काम करती है, तो वह समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। वहीं, रवि आनंद जैसे अधिकारी यह दिखाते हैं कि यदि प्रशासन तत्पर और जिम्मेदार हो, तो किसी भी परिस्थिति से निपटने में देर नहीं लगती।
जामताड़ा जिले में इस निर्णय ने यह सिद्ध कर दिया कि एक संवेदनशील मीडिया और सजग प्रशासन मिलकर जनता के हित में बड़े कदम उठा सकते हैं। रवि आनंद, चार्ल्स हेंब्रम और विकास कुनाल जैसे अधिकारियों का यह संयुक्त प्रयास आने वाले समय में भी एक प्रेरणा बनेगा, जहां मानवता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखा गया।
जब तक स्थिति सामान्य न हो, स्कूलों को बंद रखा जाना चाहिए https://rashtrasamvad.com/news-7561/

