दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जंतर-मंतर पर CJP का विरोध प्रदर्शन, संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) द्वारा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी।

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो अगले शनिवार को फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
दीपके ने अपने संबोधन में कहा कि देश के युवाओं को लंबे समय से हिंदू-मुस्लिम राजनीति में उलझाकर रखा गया है, जबकि रोजगार और शिक्षा जैसे मूल मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आंदोलन और विरोध प्रदर्शन यह साबित करते हैं कि जनता अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने को तैयार है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई। हालांकि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं ने इस प्रदर्शन को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश का युवा किसी के इशारों पर चलने वाला नहीं है और वह अपने मुद्दों को समझने में सक्षम है।

