नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित चिकित्सकों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शुक्रवार को नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में दो चिकित्सक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए रोस्टर के अनुसार ड्यूटी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने 20 बेड वाले कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का भी दौरा किया। यहां वाटर प्यूरीफायर बंद मिलने पर उसे तत्काल चालू कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही भर्ती बच्चों और उनकी माताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने ओपीडी, फार्मेसी, दवा भंडार, इमरजेंसी वार्ड, लैब, ऑपरेशन थिएटर, प्रसव कक्ष, एक्स-रे और नेत्र जांच केंद्र का निरीक्षण किया। दवा भंडारण व्यवस्था को दुरुस्त रखने, एक्सपायरी के करीब पहुंच चुकी दवाओं को अलग चिह्नित करने तथा अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अस्पताल भवन में सीलन और मरम्मत की आवश्यकता वाले हिस्सों को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा। वहीं मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल के मुख्य भवन से लैब तक पेवर्स ब्लॉक लगाने का निर्देश भी दिया, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समीर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

