राष्ट्र संवाद संवाददाता, सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा। दिनांक 08 जुलाई 2025 को कल्याण अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने की। बैठक में अस्पताल प्रबंधन, रोगी कल्याण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने समिति द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में सुदृढ़ व्यवस्था, बेहतर सेवाएं और रोगियों की सुविधा के लिए विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अस्पताल के रेनोवेशन कार्य, मटेरियल सप्लाई, बेसिक रिहैबिटेशन, इलेक्ट्रिफिकेशन, डेंटल क्लिनिक, आई क्लीनिक और एनसीडी क्लिनिक की स्थापना से जुड़ी अद्यतन जानकारी ली गई। उपायुक्त ने इन कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी सह प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

