जमशेदपुर: ए.डी.एल. सनशाइन स्कूल का एजीएम बना रणभूमि, दोनों पक्षों में जमकर हुई हाथापाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ए.डी.एल. सनशाइन स्कूल का वार्षिक आम सभा (एजीएम) रविवार को आयोजित किया जाना था, लेकिन यह सभा शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गई। स्कूल में चल रहे लंबे समय से विवाद ने एक बार फिर उग्र रूप ले लिया, जब विपक्ष के सदस्यों ने स्कूल परिसर के गेट पर ताला जड़ते हुए किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया।
इस दौरान दोनों पक्षों – वर्तमान प्रबंधन समिति (सत्तापक्ष) और विपक्ष – के सदस्यों के बीच तीखी बहस और बाद में हाथापाई की नौबत आ गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और माहौल पूरी तरह अशांत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया
विपक्षी खेमे ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से स्कूल के संचालन में गड़बड़ियां हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एजीएम के नाम पर एकतरफा निर्णय लिए जा रहे हैं और वित्तीय पारदर्शिता का अभाव है। साथ ही, यह भी कहा गया कि कई सदस्यों को जानबूझकर एजीएम से दूर रखा गया और सूचनाएं समय पर साझा नहीं की गईं।
वहीं, स्कूल की वर्तमान प्रबंधन समिति ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि एजीएम पूरी पारदर्शिता के साथ बुलाया गया था और सभी सदस्यों को समय पर सूचना दी गई थी। सत्तापक्ष का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है ताकि प्रबंधन की छवि धूमिल की जा सके।
गौरतलब है कि ए.डी.एल. सनशाइन स्कूल में प्रबंधन समिति को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा है। कई बार मामला अदालत तक भी जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया। यह ताजा घटना एक बार फिर इस बात की पुष्टि करती है कि स्कूल की अंदरूनी राजनीति अभी भी पूरी तरह शांत नहीं हुई है।

