कुंडहित के मुड़ाबेड़िया सहित जामताड़ा जिले के विभिन्न जगह शिविर का आयोजन
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: आपकी योजना- आपकी सरकार आपके द्वार” के तहत आज दिनांक 04.09.2024 को जामताड़ा जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में शिविर आयोजित किया गया। जिसमें जामताड़ा सदर प्रखंड के लाधना एवं चालना, नारायणपुर के पोस्ता एवं नवाडीह, करमाटांड़ के बिराजपुर, नाला के फुटबेड़िया एवं पैकबड़, कुंडहित के मुड़ाबेडिया एवं फतेहपुर के सिमलडुबी पंचायत सहित नगर पंचायत जामताड़ा में वार्ड 5 एवं 6 (पटोदिया धर्मशाला, दुमका रोड) तथा वार्ड 7 एवं 8 (मालपाड़ा विद्यालय, मिहिजाम) में शिविर आयोजित किया गया।आयोजित शिविर में लोगों के कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रखंडों में नोडल पदाधिकारियों की उपस्थिति में लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। वहीं वरीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधिगण के द्वारा सभी स्टॉल का भ्रमण कर आवश्यक जानकारी ली गई।
वहीं आयोजित शिविरों में कार्यक्रम के दौरान वरीय पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कैंप में मौजूद कई योग्य लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। परिसंपत्ति वितरण के दौरान मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना की स्वीकृति, स्कूली छात्राओं के बीच साइकिल वितरण सहित धोती, साड़ी, कंबल आदि का वितरण किया गया।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिविरों में बिरसा सिंचाई कूप योजना, सावित्री बाई फुले योजना, केसीसी, सर्वजन पेंशन योजना, राशन कार्ड, पशुधन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं ऑन द स्पॉट समाधान मिलने पर लाभुकों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए सरकार एवं प्रशासन का धन्यवाद व आभार प्रकट किया।

