21 जून को होगी NEET (UG)-2026 परीक्षा, उपायुक्त ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम के जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, विद्युत विभाग तथा एनटीए के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां चार हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी।
उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, क्राउड मैनेजमेंट, सुगम यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच, वीडियोग्राफी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

