नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा, सुबह से मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को तेघड़ा के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना हुई। श्रद्धालु सुबह से ही पूजा में लीन रहे और मां की आराधना कर सुख-समृद्धि, शांति और शक्ति की कामना की। विभिन्न दुर्गा मंदिरों में भक्ति का माहौल रहा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां ब्रह्मचारिणी तप, त्याग, संयम और साधना की प्रतीक हैं। ब्रह्मचारिणी का अर्थ ब्रह्म की प्राप्ति के मार्ग पर नियम और संयम के साथ चलने वाली साधिका है। उनका स्वरूप धैर्य, दृढ़ संकल्प और सदाचरण की प्रेरणा देता है। नवरात्र के दूसरे दिन उनकी पूजा आध्यात्मिक शक्ति और आत्मबल की कामना से जुड़ी है।
बरौनी के घाटकिंडी दुर्गा स्थान और चिल्हाय दुर्गा स्थान में विशेष पूजा-अर्चना के साथ विस्तृत मेले का आयोजन होता है। इसके अलावा पकठौल, नोनपुर, गौड़ा, बरौनी बरियारपुर, नया नगर दुलारपुर, नया टोला दनियालपुर और बाजितपुर पीढ़ौली दुर्गा स्थानों में भी पूजा को लेकर उत्साह रहा।
विभिन्न पूजा मंडपों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने और पंडालों को सजाने की तैयारियां जारी हैं। बाजारों में फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर चहल-पहल बनी हुई है। नवरात्र को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है।

