राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का शुभारंभ, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। इस अवसर पर जिलेवासियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान निदेशक एनईपी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जानमाल की क्षति को रोका जा सके। सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इनका वास्तविक लाभ तभी संभव है जब नागरिक स्वयं यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें।
उपायुक्त ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, सघन वाहन जांच सहित कई जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। ग्रामीण, शहरी एवं पंचायत स्तर पर विशेष रूप से स्कूली बच्चों के बीच भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
जागरूकता रथ के माध्यम से यातायात नियमों के सही अनुपालन से संबंधित दिशा-निर्देशों का ऑडियो क्लिप के जरिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, दुपहिया वाहन पर दोनों सवारों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा अनावश्यक ओवरटेक से बचने के लिए जागरूक करेगा। अंत में उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

