नेशनल पावर लिफ्टिंग व बेंचप्रेस चैम्पियनशिप संपन्न, ओडिशा-छत्तीसगढ़ का दबदबा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। इंडियन पावर लिफ्टिंग फेडरेशन के तत्वावधान में बिष्टुपुर स्थित मिलानी सभागार में आयोजित चार दिवसीय सीनियर महिला व पुरुष नेशनल पावर लिफ्टिंग एवं बेंचप्रेस चैम्पियनशिप 2025 का रविवार को सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के 17 राज्यों से 310 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।

टीम परिणामों में पावर लिफ्टिंग (इक्विप्ड) में छत्तीसगढ़ ने बाजी मारी, जबकि उत्तर प्रदेश उपविजेता और आंध्रप्रदेश द्वितीय उपविजेता रहा। पावर लिफ्टिंग (अनइक्विप्ड) में ओडिशा ने पहला स्थान पाया, छत्तीसगढ़ दूसरे और असम तीसरे स्थान पर रहा। बेंचप्रेस (पुरुष वर्ग) में मणिपुर विजेता रहा, वहीं ओडिशा दूसरे और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में ओडिशा ने स्वर्ण, उत्तर प्रदेश ने रजत और आंध्रप्रदेश ने कांस्य पदक हासिल किया।

व्यक्तिगत वर्ग में झारखंड के राजेंद्र पाटिल (पुरुष, इक्विप्ड), छत्तीसगढ़ की अंजना सिंह (महिला, इक्विप्ड), छत्तीसगढ़ के दिलीप पटेल (पुरुष, अनइक्विप्ड) और ओडिशा की बनानी बिस्वास (महिला, अनइक्विप्ड) ने खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष सुव्रत दत्ता को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।


