जमशेदपुर : तीन दिवसीय कोल्हान क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट संपन्न, जमशेदपुर जिला ओवरऑल चैंपियन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिष्टुपुर में आयोजित तीन दिवसीय कोल्हान क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आईजी मनोज कौशिक उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन केस्टोपा, जमशेदपुर के एसएसपी, चाईबासा एवं सरायकेला के एसपी मौजूद रहे।

तीन दिनों तक चले इस पुलिस ड्यूटी मीट में विभिन्न विषयों पर कुल 10 प्रकार की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गई थीं, जिनमें से 28 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर जिला ओवरऑल विजेता रहा, जबकि चाईबासा जिला उपविजेता बना। समापन समारोह में अतिथियों द्वारा विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। साथ ही बेहतर अनुसंधान करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में आईजी मनोज कौशिक ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराधी नए-नए तरीकों से अपराधों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे निपटने के लिए तकनीक आधारित प्रशिक्षण की आवश्यकता है, विशेष रूप से साइबर अपराधों के मामलों में।

समारोह में पुलिस उप-महानिरीक्षक कोल्हान, वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर, पुलिस अधीक्षक चाईबासा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर, सहायक पुलिस अधीक्षक चाईबासा, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था, पुलिस उपाधीक्षक पटमदा एवं पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


