अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, 5 वर्षों का विजन और रोडमैप तैयार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित रमाडा होटल में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में संगठन के आगामी 2026 से 2031 तक के मिशन और रोडमैप पर विस्तृत चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में समाज के युवाओं के लिए स्टार्टअप और B2B नेटवर्क, यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए दिल्ली में छात्रावास और लाइब्रेरी, संगठन के डिजिटलीकरण, ग्लोबल मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समाज के विस्तार तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मानगो की मेयर सुधा गुप्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज को हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी और समाज को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे हमेशा उसके साथ खड़ी रहेंगी। अधिवेशन में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने का संकल्प लिया।

