राष्ट्र संवाद संवाददाता
गर्मी आरंभ होने के साथ ही आदित्यपुर में उत्पन्न भीषण जल संकट के स्थाई समाधान हेतु नागरिक समन्वय समिति का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को महासचिव ई० अजीत कुमार के नेतृत्व में ननि के मेयर संजय सरदार से मिल कर ज्ञापन सौंपा। उक्त ज्ञापन के माध्यम से खरकाई नदी में जयप्रकाश उद्यान के पास चेकडैम (वीयर) निर्माण के प्रस्ताव की स्वीकृति जल संसाधन विभाग से दिला कर निर्माण कराने की मांग की गई। विदित है कि नागरिक समन्वय समिति के प्रयास से सुवर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता के द्वारा उनके पत्र सं० 126 दिनांक 10-02-25 के माध्यम से जयप्रकाश उद्यान के पास चेकडैम निर्माण हेतु रु 8.88 करोड़ रुपए का प्राक्कलन प्रशासनिक स्वीकृति हेतु जल संसाधन विभाग, रांची को भेजा गया है। उक्त प्राक्कलन की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर चेकडैम की निविदा एवं निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। समिति द्वारा इससे संबंधित अभिलेख मेयर को सौंप कर शीघ्र निगम स्तर पर पहल करने का अनुरोध किया गया। इस दौरान मेयर ने शीघ्र ही संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।ज्ञापन की प्रति उप महापौर को भी सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में समिति के वरीय उपाध्यक्ष विमल कुमार सिंह, गम्हरिया मण्डल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह, सचिव अशोक कुमार सिंह, मनोज सिंह, महिला कोषांग अध्यक्ष सुमन राय, रतन सिंह, संजय कुमार आदि शामिल थे।

