दरभंगा में मुहर्रम जुलूस बना मातम का मंज़र: हाई वोल्टेज तार से झंडा टकराया, एक की मौत, दर्जनों झुलसे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड के ककोढ़ा गांव में मुहर्रम के अवसर पर ताजिया मिलान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सकतपुर थाना क्षेत्र स्थित मदरसा चौक के पास जुलूस में शामिल एक झंडा अचानक 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार से टकरा गया, जिससे करंट फैल गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग झुलस गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तारडीह पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने पर कई लोगों को डीएमसीएच, दरभंगा रेफर किया गया। कुछ का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
घायलों में मुखिया श्रवण कुमार साहू, उपमुखिया सुरेश महतो, मो. साजिद, मो. हारून, मो. रहमत, मो. बिस्मिल और मो. मिराज शामिल हैं।

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मुहर्रम जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति क्यों नहीं रोकी गई, जबकि पूर्व वर्षों में ऐसा होता आया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल की तरह अगर इस बार भी बिजली काट दी जाती, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
घटनास्थल पर अलीनगर, मनीगाछी और बेनीपुर से कई एंबुलेंस पहुंची और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। फिलहाल इलाके की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने अपील की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान पुख्ता सुरक्षा और पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक अवसरों पर कोई जानलेवा चूक न हो।
