किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम: उर्वरक सब्सिडी पर केंद्र के निर्णय का सांसद बिद्युत बरण महतो ने किया स्वागत।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार किसानों के कल्याण, उनकी आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठा रही है।
सांसद श्री महतो ने कहा कि फॉस्फेट और पोटेशियम (P&K) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी दरों को मंजूरी देना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा। इससे किसानों को किफायती दरों पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे उनकी खेती की लागत में कमी आएगी और उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ सीजन 2026 के लिए केंद्र सरकार ने लगभग ₹41,533.81 करोड़ का बजट निर्धारित किया है। यह बजट इस बात का प्रमाण है कि सरकार किसानों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सब्सिडी में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश और सल्फर जैसे प्रमुख पोषक तत्व शामिल किए गए हैं, जो फसलों की बेहतर वृद्धि और अधिक उत्पादन के लिए आवश्यक हैं।
सांसद श्री महतो ने कहा कि इस फैसले से देश के करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर झारखंड जैसे कृषि आधारित राज्यों में यह निर्णय किसानों के लिए राहत लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की कीमतों में संतुलन बनाए रखने से किसानों पर आर्थिक बोझ कम होगा और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ खेती कर सकेंगे।
श्री महतो ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं, जैसे पीएम-किसान, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, फसल बीमा योजना आदि, जिनका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। यह नया निर्णय उन प्रयासों की कड़ी को और मजबूत करता है।
उन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के किसान हितैषी फैसले देश के कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और *आत्मनिर्भर भारत* के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सांसद श्री महतो ने क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाएं और अपनी आय को बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ें।

