ऊर्जा विभाग में 160 करोड़ के घोटाले का दावा, विधायक सरयू राय ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने ऊर्जा विभाग से जुड़े एक बड़े वित्तीय घोटाले का दावा करते हुए राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। विधायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट के माध्यम से झारखंड के मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
सरयू राय के अनुसार ऊर्जा विभाग की लगभग 160 करोड़ रुपये की राशि कैनरा बैंक और एक अन्य बैंक में जमा कराई गई थी। लेकिन जब ऊर्जा विभाग के अधिकारी संबंधित बैंकों में राशि की पुष्टि करने पहुंचे, तो बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट रूप से कहा कि विभाग के नाम से कोई भी राशि जमा नहीं है। विधायक ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता करार देते हुए कहा कि यदि विभाग की इतनी बड़ी रकम बैंक खातों में दर्ज ही नहीं है, तो यह एक बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि वह इस पूरे मामले को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे और सरकार से स्पष्ट जवाब मांगेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के पैसे के साथ किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सच्चाई सामने आनी चाहिए।
फिलहाल ऊर्जा विभाग या संबंधित बैंकों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब सभी की निगाहें सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

