राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका प्रखंड के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण की रोकथाम के लिए विधायक संजीव सरदार की पहल पर टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से बुधवार को हरिणा पंचायत के कोंदर गांव और पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कुल 100 मच्छरदानियों का वितरण किया गया। इनमें 80 मच्छरदानियां कोंदर गांव के ग्रामीणों तथा शेष विद्यालय की छात्राओं को दी गईं।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से घरों के आसपास जलजमाव नहीं होने देने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुखार या मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए तथा स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में टाटा स्टील फाउंडेशन के शिवशंकर कण्डेयांग, संजीत सरदार, रमेश सरदार, सर्वेश्वर सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

