राष्ट्र संवाद संवाददाता
हूल दिवस के पावन अवसर पर बुधवार को केरूआडूंगरी पंचायत अंतर्गत सिदो-कान्हु सोपोहद सावंता, छोटा तालसा में पहली बार विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सिदो-कान्हु सोपोहद सावंता, जिन्दगी परिवार एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य हूल क्रांति के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनजागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू , केरूआडूंगरी पंचायत के मुखिया सह जिला मुखिया संघ, पूर्वी सिंहभूम के अध्यक्ष कान्हू मुर्मू तथा जुरी पंचायत के मुखिया सुखलाल सरदार ने वीर शहीद सिदो, कान्हू, चाँद, भैरव एवं वीरांगना फूलो-झानो के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने हूल क्रांति के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि हूल दिवस केवल इतिहास के महान बलिदान को स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज सेवा, मानवता और जनकल्याण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी प्रेरणादायी दिवस है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान” है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। अतः प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू ने 19वीं बार तथा मुखिया श्री कान्हू मुर्मू जी ने 13वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस सेवा भाव की उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
रक्तदान शिविर में युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 42 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो गंभीर रूप से बीमार एवं जरूरतमंद मरीजों के उपचार में जीवनदायी सिद्ध होगा।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र (सर्टिफिकेट), पारंपरिक झारखंडी गमछा एवं जूट बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवता, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष श्री बाबूलाल मुर्मू, माझी बाबा श्री उपेंद्र मुर्मू, आदिवासी ब्लड मैन श्री राजेश मार्डी, टीएएफ के श्री रीतेश टुडू, a श्री देवराज मुंडा, श्री बिक्रम टुडू, श्री अजय मार्डी, श्री राम बास्के, श्री राजकुमार बेसरा, श्रीमती नंदी मुर्मू, श्री रुपेण बास्के, वार्ड सदस्य श्रीमती पानोसूती मार्डी, श्रीमती लक्ष्मी हेंब्रम एवं श्रीमती सरोती हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिन्दगी परिवार, जमशेदपुर ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों तथा ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं ग्रामीणों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मानव सेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने का संकल्प दोहराया।

