महासप्तमी पर कांड्रा और कोलाबीरा में निकली भव्य कलश यात्रा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
महासप्तमी के अवसर पर शनिवार को काण्ड्रा बाजार और कोलाबीरा में भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित यात्राओं में श्रद्धालुओं, महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
काण्ड्रा बाजार स्थित श्री श्री दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से निकली घट यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर स्थानीय जलाशय पहुंची। यहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद कलशों में पवित्र जल भरकर श्रद्धालु वापस मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई। कमेटी अध्यक्ष संजय महांति ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
वहीं, कोलाबीरा में सुबह आठ बजे मंदिर परिसर से कलश यात्रा निकली और स्थानीय तालाब घाट पहुंची। पुरोहित ने विधिवत जल संकल्प कराया। इसके बाद सैकड़ों कुंवारी कन्याएं कलश लेकर पैदल मंदिर पहुंचीं और कलश स्थापना की। घटव्रतियों के बीच प्रसाद भी वितरित किया गया। पूजा कमेटी अध्यक्ष साधन महतो ने कहा कि यात्रा में कुंवारी कन्याओं और महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। सभी ने शांतिपूर्ण ढंग से परंपरा का निर्वहन किया।

